रांची: चुटिया में इस बार दुर्गापूजा के दौरान भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्री स्वर्णकार दुर्गा पूजा समिति की ओर से सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर 70 फीट ऊंचा और 45 फीट चौड़ा पंडाल तैयार कराया जा रहा है। पंडाल में पांच तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। पंडाल निर्माण और विद्युत सज्जा के लिए कोलकाता के कारीगर लगाए गए हैं।

समिति से मिली जानकारी के अनुसार, पंडाल में 11 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा का निर्माण मूर्तिकार राम पाल कर रहे हैं। पंडाल और प्रतिमा निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है। समिति के पदाधिकारियों और स्वर्णकार दुकानों के सहयोग से इसके लिए धन जुटाया जा रहा है।

पूजा के दौरान 17 अक्टूबर को डांडिया नाइट होगी। 18 अक्टूबर को मंगला आरती, 19 अक्टूबर को भजन संध्या और 20 अक्टूबर को गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर एक बजे से महाभोग की व्यवस्था रहेगी। 21 अक्टूबर को दोपहर दो बजे माता की विदाई होगी। इसके बाद प्रतिमा को सुजाता होते हुए रांची झील की ओर ले जाकर विसर्जित किया जाएगा।

पूजा की व्यवस्था के लिए समिति के 201 पदाधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी हैं। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और शंभू प्रसाद हैं। अनूप वर्मा कोषाध्यक्ष, संजय कुमार मीडिया प्रभारी और पंकज प्रसाद प्रधान महासचिव हैं। समिति में 21 उपाध्यक्ष और 21 महासचिव भी हैं। सौरभ कुमार वर्मा के नेतृत्व में 101 युवा सचिव पूजा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।

समिति के 25 संरक्षक बनाए गए हैं। इनमें राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार, सुरेश प्रसाद साहू, रविन्द्र लाल, संतोष कुमार सिन्हा, पवन रंजन खत्री और डॉ. प्रदीप कुमार शामिल हैं। समिति ने बताया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की व्यवस्था को लेकर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।