रांची: शहर में सड़क खोदकर उसे बदहाल छोड़ने वाली एजेंसियों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। GAIL और उसके संवेदकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पाइपलाइन समेत किसी भी काम के लिए सड़क की खुदाई करने के बाद काम पूरा होते ही उसे पहले की स्थिति में बहाल करना होगा। सड़क की मरम्मत में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में GAIL के अधिकारियों और संबंधित संवेदकों के साथ बैठक हुई। इसमें सड़क खुदाई से जुड़े कार्यों की प्रगति, यातायात व्यवस्था और काम पूरा होने के बाद सड़क की बहाली की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रशासन ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर गड्ढे खुले नहीं छोड़े जा सकते। जहां खुदाई जरूरी है, वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था करनी होगी। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी नहीं हो। काम पूरा होने के बाद खुदाई वाले हिस्से की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत भी संबंधित एजेंसी को करनी होगी।

GAIL को NHAI और पथ निर्माण विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने कहा कि अलग-अलग विभागों के कार्यों में तालमेल नहीं होने से एक ही सड़क पर बार-बार खुदाई की स्थिति नहीं बननी चाहिए। परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के नाम पर सड़क और यातायात व्यवस्था को लंबे समय तक प्रभावित नहीं किया जा सकता। संबंधित एजेंसियों को निर्माण की गुणवत्ता के साथ सड़क की बहाली पर भी निगरानी रखने को कहा गया है। बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।