रांची/पलामू: तीन महीने के विराम के बाद बेतला नेशनल पार्क गुरुवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पलामू टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की मौजूदगी में चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने पार्क का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बेतला के जंगलों में ओपन सफारी भी शुरू हो गई है।

हर साल 1 जुलाई से 30 सितंबर तक वन्यजीवों के प्रजनन काल को देखते हुए पार्क क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बंद रहती हैं। अब नया पर्यटन सत्र शुरू होने के साथ पार्क में पर्यटकों के स्वागत की तैयारी पूरी कर ली गई है।

इस बार बेतला के पलामू किले वाले क्षेत्र को भी पर्यटन के लिहाज से खास बनाया गया है। यहां पहली बार ओपन सफारी शुरू की गई है। इस क्षेत्र में मोटरसाइकिल के प्रवेश पर रोक रहेगी। पर्यटकों को जंगल और ऐतिहासिक क्षेत्र का अनुभव कराने के साथ सुरक्षा और संरक्षण पर भी ध्यान दिया गया है।

पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देने की भी पहल की गई है। पर्यटकों को धुस्का और महुआ से तैयार विभिन्न व्यंजन परोसे जाएंगे। पार्क खुलने के मौके पर पारंपरिक नृत्य का भी आयोजन किया गया।

पलामू टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक प्रजेशकान्त जेना ने बताया कि इस बार पर्यटकों के लिए कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं। पार्क क्षेत्र में प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। पर्यटकों से भी पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

बेतला नेशनल पार्क मेदिनीनगर से करीब 25 किलोमीटर दूर है। वहीं, बरवाडीह रेलवे स्टेशन की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। हर साल दुर्गा पूजा के बाद पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में पर्यटक बेतला पहुंचते हैं। पर्यटन सत्र शुरू होने के साथ इस बार भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।