रातू: एसआईआर-2026 के सत्यापन में वंशावली और पारिवारिक सूची बनाने में देरी को लेकर आमया संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एस. अली ने आवाज उठाई। गुरुवार को उनके नेतृत्व में झारखंड छात्र संघ और आमया संगठन का प्रतिनिधिमंडल रातू अंचल व प्रखंड कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे की मांग की।
एस. अली ने कहा कि एसआईआर में कई लोगों को नाम, उम्र और परिवार से जुड़ी जानकारी में अंतर के कारण नोटिस मिला है। जरूरी दस्तावेज नहीं होने पर उन्हें वंशावली बनवाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास निर्धारित दस्तावेज हैं, उनसे अलग से वंशावली नहीं मांगी जानी चाहिए।
अंचल अधिकारी रवि कुमार के कार्यालय में नहीं मिलने पर प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताई। एस. अली ने फोन पर डीडीसी और अपर समाहर्ता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अंचल अधिकारी ने एस. अली से बात की और कहा कि वंशावली से जुड़े सभी लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वंशावली के लिए आवेदन के साथ खतियान, स्वघोषणा पत्र, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड और मुखिया या जनप्रतिनिधि का सत्यापन देना होगा।
बीडीओ राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि निर्धारित दस्तावेज मान्य होंगे। जरूरी कागजात नहीं होने पर ही वंशावली ली जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय सचिव नौशाद आलम, प्रखंड अध्यक्ष सिद्दीक अंसारी, अरशद अय्यूब, नसीम अख्तर, मो. अफसर, तहमीद अंसारी, प्रवेज आलम, आदिल अंसारी, खालिद अंसारी, सिकंदर नायक, कृष्ण महतो, सुरेश उरांव और रूपशे कुमार सहित अन्य शामिल थे।
