रांची: नामकुम प्रखंड में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ स्वच्छता श्रमदान’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद इसमें शामिल हुए। उन्होंने श्रमदान के साथ पौधरोपण किया और लोगों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मंत्री का पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लिया। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के साथ स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत गांवों में स्वच्छता, बेहतर पर्यावरण और जागरूकता बढ़ाने का काम किया जा रहा है। जनभागीदारी से इन प्रयासों को स्थायी बनाया जा सकता है।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहा है। इसके तहत राज्यभर में स्वच्छता श्रमदान, पौधरोपण, हस्ताक्षर अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला जल एवं स्वच्छता समिति के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
