रांची: चुटिया के पावर चौक के पास बुधवार रात ज्वेलरी दुकान को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों से करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। जिनमें राजेंद्र ज्वेलर्स के संचालक राजेंद्र सोनी और उनके भतीजे मिलू सोनी भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि ज्वेलरी दुकान संचालक और नायक टोली के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ की भी बात सामने आई है।
मारपीट में राजेंद्र सोनी और मिलू सोनी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का इलाज कराया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गुरुवार को स्थानीय लोग चुटिया थाना पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और सभी पक्षों के बयान के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तनाव रहा, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
