भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा-सौंदा डी मुख्य मार्ग स्थित नलकारी पुल पर गुरुवार की शाम बड़ी लापरवाही देखने को मिली। पुल पर डंप की गई गिट्टी के कारण कई दुपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो गए। बड़े खतरे को भांप स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गिट्टी पर चेतावनी स्वरूप लाल झंडा लगाया। लापरवाही से लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम पुल पर दो ट्रैक्टर से गिट्टी गिरा दी गई और दोनों छोर पर कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया। शाम ढलने के बाद पुल पर काफी अंधेरा होने के कारण डंप गिट्टी बाइक सवारों को साफ दिखाई नहीं दी। जिससे कई दुपहिया वाहन अनियंत्रित होकर फिसल गए। चार-पांच लोगों के हाथ-पैर में हल्की चोटें आई हैं। जबकि सौंदा ‘डी’ निवासी बाइक सवार संतोष मुंडा को काफी चोटें आई हैं।बताया जाता है कि भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल में में प्राथमिक उपचार के बाद संतोष मुंडा को रिम्स ले जाया गया गया है। 

वहीं पुल पर गिट्टी गिराने की जानकारी मिलते ही भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता तत्काल नलकारी पुल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुल पर अंधकार और संभावित खतरे को देखते हुए उन्होंने तत्काल गिट्टी हटवाने के निर्देश दिए। खबर लिखे जाने तक स्थानीय स्तर पर ट्रैक्टर मंगाकर गिट्टी हटवाया जा रहा था। 

वहीं मामले पर स्थानीय लोगों ने कहना है कि यदि पुल की मरम्मती होनी है, तो गिट्टी अन्यत्र गिराना चाहिए। कम से कम दोनों छोर पर साइन बोर्ड जरूर देना चाहिए था। पुल पर इस तरह गिट्टी डंप कर रास्ते को संकीर्ण कर देना बड़ी लापरवाही है। यहां छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता रहता है। इससे रात के अंधेरे में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।