रांची: गांजा तस्करी की रोकथाम को लेकर रांची पुलिस और एनसीबी को संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगड़ी में टीम ने घेराबंदी कर एक कार को पकड़ा है जिसपर लदा करीब 97 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप रांची के रास्ते लाई जा रही है। सूचना के आधार पर रांची पुलिस के सहयोग से नगड़ी इलाके में जाल बिछाया गया। तस्कर पुलिस से बचने के लिए दो कारों में चल रहे थे। आगे वाली कार एस्कॉर्ट के तौर पर रास्ते की निगरानी कर रही थी, जबकि पीछे वाली कार में गांजे की तस्करी हो रही थी। पुलिस को देखते ही आगे चल रही कार ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। पीछे वाली कार भी तेजी से निकलने लगी। संदिग्ध गतिविधि देख टीम ने दोनों कारों को घेरकर रोक लिया।

तलाशी में एक कार से भूरे रंग के पैकेट में 97 किलो गांजा बरामद हुआ। अभियुक्तों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि गांजे की खेप हजारीबाग के बरही ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग निवासी शुभम कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं। वहीं तीसरे अभियुक्त की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।

एनसीबी अब गांजे के स्रोत, सप्लायर और बरही में खेप लेने वाले नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। कार्रवाई में नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।