मांडर/रांची: गांधी जयंती पर नगड़ा पंचायत सचिवालय में रिफॉर्म उत्सव के तहत विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुखिया बहादुर उरांव और पंचायत सचिव आनंद सिंह ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की।

ग्राम सभा में वीबी-जी राम जी योजना के छह प्रमुख प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। बताया गया कि योजना के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। 15 दिनों में काम और मजदूरी नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता व विलंब क्षतिपूर्ति का प्रावधान है।

ग्रामीणों को 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों, ग्राम सभा के माध्यम से पंचायत प्लान तैयार करने तथा मोबाइल उपस्थिति और डीबीटी से भुगतान में पारदर्शिता की जानकारी दी गई। योजना में कृषि, जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और आजीविका से जुड़े कार्यों पर भी विशेष जोर दिया गया है।

सभा में उप मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत रोजगार सेवक अतीकउर रहमान, सत्तार अंसारी, अबुल अंसारी समेत 100 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे।