चान्हो (रांची): चान्हो थाना क्षेत्र के चोरेया गांव के निकट सोमवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान तरंगा खिजुरटोली निवासी कैफ खान (20), पिता नसीम खान के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक फैजान खान (18), पिता कैला खान बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। दोनों युवक स्कॉर्पियो (JH10 BZ 7676) से चोरेया से खिजुरटोली स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खेत में जाकर पलट गई।

दुर्घटना में कैफ खान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि फैजान के सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई।