रांची: पार्किंग शुल्क के नाम पर वाहन चालकों से मनमानी वसूली करने वालों पर रांची नगर निगम ने शिकंजा कसने की तैयारी की है। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने मंगलवार को रोस्पा टावर और जयपाल सिंह पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर कई अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित संवेदकों को नियमों के अनुरूप शुल्क लेने और पार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। तय दर से अधिक वसूली की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

तीन घंटे की पार्किंग के लिए तय है शुल्क

नगर निगम के निर्धारित नियमों के अनुसार, दोपहिया वाहन के लिए तीन घंटे का पार्किंग शुल्क 10 रुपये और चारपहिया वाहन के लिए 30 रुपये है। पार्किंग के शुरुआती 10 मिनट तक कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा शनिवार, रविवार और राष्ट्रीय अवकाश के दिन निर्धारित दरों पर 50 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान है।

निगम ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित शुल्क ही दें। यदि कोई संवेदक तय दर से ज्यादा पैसे मांगता है या पार्किंग के नाम पर अनियमितता करता है, तो इसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर की जा सकती है।

रसीद में गड़बड़ी, पार्किंग स्थल पर मिले ठेले-खोमचे

निरीक्षण के दौरान रोस्पा टावर पार्किंग की रसीद पर शुल्क तो दर्ज मिला, लेकिन वाहन कितनी देर पार्क रहा, इसका उल्लेख नहीं था। वहीं, जयपाल सिंह पार्किंग स्थल पर भी मनमाने शुल्क की शिकायत सामने आई। परिसर में कई ठेले और खोमचे भी लगे मिले। निगम की टीम को देखकर कुछ लोग मौके से भाग गए।

इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त ने संबंधित संवेदकों को व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों पर शुल्क, समय सीमा और नियमों की जानकारी देने वाले सूचना पट्ट लगाना अनिवार्य किया गया है।

नियमित जांच से रखी जाएगी नजर

नगर निगम अब पार्किंग स्थलों की निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण रोस्टर तैयार करेगा। इसका उद्देश्य शुल्क वसूली में पारदर्शिता बनाए रखना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समय पर कार्रवाई करना है। अब देखना होगा कि इस सख्ती से शहर में पार्किंग के नाम पर होने वाली मनमानी पर कितना अंकुश लग पाता है।