संस्था की भावी कार्य योजनाओं पर हुई चर्चा
बुढ़मू (रांची): जनता जागृति विकास केंद्र के आरिद स्थित प्रोजेक्ट भवन में रविवार को झारखंड प्रदेश स्तरीय ग्यारहवें वरिष्ठ प्रशिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पूरे झारखंड से संस्था के हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य द्वार पर मुख्य अतिथि केंद्रीय अध्यक्ष अजय नारायण प्रसाद, उपाध्यक्ष गीता देवी, सचिव जितेंद्र सोरेन, कोषाध्यक्ष जिवार्धन प्रसाद, रांची मंडल प्रभारी महावीर महतो, कोडरमा मंडल प्रभारी द्वारिका साव, रांची जिला अध्यक्ष सुनीता देवी और जागृति विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित टाना भगत सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों के माला पहनाकर स्वागत के साथ हुई। इसके बाद सभी अतिथियों को मंच तक लाया गया। मंच पर फीता काटकर सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया गया।
सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों और प्रखंडों से पहुंचे पदाधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र में संस्था की ग्यारह वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया। इस दौरान जागृति विद्यालय की पठन पाठन व्यवस्था, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने समूह निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार से जोड़ने और कौशल विकास के क्षेत्र में संस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही विभिन्न समूह केंद्रों में सिलाई, कढ़ाई और कुटीर उद्योग को बढ़ावा देकर ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। अंत में सभी प्रशिक्षण और विचारों का निचोड़ प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय अध्यक्ष अजय नारायण प्रसाद ने सामूहिक संबोधन किया। उनके संबोधन के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।
मौके पर राजकुमार महतो, तुलसी महतो, प्रमोद साव, अनिल ठाकुर, लियाकत अंसारी, खेमलाल साव, विजय टुड्डू, तारालाल गोप, रूपलाल महतो, जट्टू टाना भगत सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
