रिपोर्टर: एकराम
लोहरदगा/रांची: झारखंड के लापुर बालासोकरा में 12 से 14 नवंबर 2026 तक होने वाले तब्लीगी इज्तेमा की तैयारियां तेज हैं। आयोजन स्थल का 3D मैप सामने आने से कैंपस की रूपरेखा और वहां की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी मिल रही है। मदरसा चौक के पास आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।

मैप में मुख्य इज्तेमा गाह के लिए विशाल टेंट और उसके सामने बयान के लिए मंच दर्शाया गया है। नमाज के लिए मस्जिद, वजू के लिए अलग स्थान, भोजनालय और शौचालय की व्यवस्था भी दिखाई गई है। वाहनों की पार्किंग के लिए कैंपस के निचले हिस्से में जगह निर्धारित की गई है, जबकि भीड़ के प्रबंधन के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम का स्थान चिह्नित है।

आवागमन के लिए लापुर रोड और रांची-लोहरदगा मुख्य सड़क प्रमुख रास्ते होंगे। इसके अलावा पार्किंग के पास सहायक मार्ग भी दिखाया गया है। इन रास्तों के जरिए लोगों और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने की योजना मैप में नजर आती है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 नवंबर को दुआ के साथ इज्तेमा का समापन होगा। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और आयोजन से जुड़ी सही जानकारी के लिए स्थानीय जिम्मेदारों से संपर्क करें।

