रामगढ़ : ग्रामीणों में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को सिविल सर्जन कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान कांके, रांची के मनोसामाजिक कार्य विभाग द्वारा आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित शोध परियोजना के तहत किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को विभिन्न मानसिक विकारों, तनाव प्रबंधन, नशा संबंधी समस्याओं की पहचान, आत्महत्या के चेतावनी संकेतों और जोखिमग्रस्त व्यक्तियों को उचित स्वास्थ्य सेवा तक रेफर करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएलओ एनसीडी डॉ. तुलिका रानी मौजूद रहीं। इसके अलावा डीपीएम प्रदीप कुमार, जिला सलाहकार डॉ. पल्लवी कौशल और डीपीसी आरिफ हैदर भी उपस्थित थे। प्रशिक्षण का संचालन केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान के मनोसामाजिक कार्य विभाग के प्रभारी एवं सहायक प्राध्यापक तथा परियोजना निदेशक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। परियोजना के सह-निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

