अनुकंपा पर नौकरी और प्रोविडेंट फंड के एवज में मांगी गई थी रिश्वत
• भुरकुंडा रेस्ट हाउस में घंटों पूछताछ, खंगाले गए कई कागजात
• परियोजना कार्यालय के अधिकारी और स्टाफ रहे हलकान
भुरकुंडा (रामगढ़): सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र अंतर्गत सौंदा ‘डी’ परियोजना में घूसखोरी का मामला प्रकाश में आया है। सीबीआई की टीम ने बुधवार को परियोजना कार्यालय में कार्यरत पर्सनल विभाग के ऑफिस सुप्रिटेंडेंट (क्लर्क) अभय कुमार बक्शी को 20 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार सीसीएल कर्मी रीना देवी के मरणोपरांत अनुकंपा पर नियुक्ति और सीएमपीएफ के रुपये दिलाने के एवज में घूस की मांग की जा रही थी। जिसकी शिकायत मिलने पर सीबीआई ने मामले का सत्यापन करते हुए अभियान चलाया। प्लानिंग के अनुसार शिकायतकर्ता गंगाधर प्रधान ने बुधवार को सौंदा डी परियोजना कार्यालय पहुंचा। जहां उसने अभय कुमार बक्शी को बतौर रिश्वत 20 हजार रुपये दिए। अभय कुमार बक्शी रूपये बाइक की डिक्की में डाल जैसे ही अपने घर सेंट्रल सौंदा जाने के लिए निकले, सीबीआई की टीम ने उन्हें दबोच लिया। डिक्की से रूपये बरामद करते हुए टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
सीबीआई की टीम उन्हें परियोजना कार्यालय ले आई और छानबीन शुरू की गई। इस दौरान कार्यालय में की दस्तावेज भी जब्त किए गए। यहां से टीम क्लर्क को पूछताछ के लिए रिवर साइड स्थित रेस्ट हाउस ले गई। जहां रात में पूछताछ करते हुए कागजातों को खंगाला गया। इस दौरान परियोजना के अधिकारी और अन्य स्टाफ को बुलाकर उनसे भी पूछताछ की गई। खबर लिखे जाने तक पूछताछ जारी रही।

