रामगढ़: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और केपीएमजी द्वारा जारी सितंबर 2026 की समग्र जिला रैंकिंग में रामगढ़ जिले ने पूरे झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले ने 77.86 प्रतिशत कुल स्कोर हासिल कर यह उपलब्धि पाई है। जारी रैंकिंग में कोडरमा 77.12 प्रतिशत स्कोर के साथ दूसरे और चतरा 76.84 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह रैंकिंग 23 मुख्य और उप सूचकांकों के आधार पर तैयार की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार रामगढ़ ने दो मुख्य घटकों में बेहतर प्रदर्शन किया है। हाई प्रायोरिटी इंडिकेटर्स (70 प्रतिशत वेटेज) जिसमें बच्चों के सीखने का स्तर, स्कूलों की निगरानी और समय पर डेटा रिपोर्टिंग शामिल है, में जिले को 58.44 अंक मिले। वहीं इनेबलर्स इंडिकेटर्स (30 प्रतिशत वेटेज) जिसमें शैक्षणिक योजना, बुनियादी ढांचा और प्रशासनिक समन्वय शामिल है, में 19.43 अंक प्राप्त हुए।

इस उपलब्धि पर उपायुक्त ऋतुराज ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला स्तरीय शिक्षा अधिकारियों, बीडीओ, बीईईओ, केजीबीवी शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और सभी शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। विद्यालयों की नियमित निगरानी, पढ़ाई के स्तर में सुधार और बेहतर समन्वय से यह संभव हुआ है।

वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार सिल ने कहा कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में धरातल पर किए गए कार्यों का यह परिणाम है। लक्ष्य केवल रैंक में शीर्ष पर रहना नहीं, बल्कि हर सरकारी विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।