रामगढ़: जिला प्रशासन द्वारा होमगार्ड बहाली प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ा रही है। सोमवार को मांडू प्रखंड (ग्रामीण) के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच एवं हिंदी लेखन परीक्षा ली गई। इसके साथ ही 100 अभ्यर्थियों के प्राप्तांक जारी कर दिए गए हैं। कुल प्राप्तांक 21 से 30 के बीच हैं। 

सर्वाधिक 30 अंक आठ अभ्यर्थियों Mand100005, Mand100132, Mand100228, Mand100687, Mand101445, Mand101462, Mand101575 और Mand102518 ने प्राप्त किए हैं। जबकि सबसे कम 21 अंक Mand100197 को प्राप्त हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्राप्तांक है, मेधा सूची अलग से जारी होगी।

महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच शुरू 

रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान में मंगलवार को मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच शुरू हुई। सुबह 5:00 बजे से कागजातों के शुरुआती सत्यापन के बाद महिला अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश कराया गया। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दौड़ का शुभारंभ किया गया। जानकारी के अनुसार अब तक पाँचवाँ बैच सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है, वहीं अन्य शारीरिक जांच परीक्षाएं भी निरंतर जारी हैं।

बहाली प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए मैदान में वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस बल के अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए मैदान पर पेयजल, बैठने के लिए शेड और आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात है। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।