बाइक सवार तीन अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

राहुल दुबे गिरोह के नाम से पर्चा छोड़ा, दहशत 

उरीमारी (हजारीबाग): उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत पोटंगा में मंगलवार को सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी के इंट्री प्वाइंट पर  अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। जिसमें एक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए ले जाया गया है। पुलिस अपराधियों के धरपकड़ का प्रयास कर रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात तकरीबन 12 बजे एक बाइक पर तीन अपराधी कंपनी के इंट्री प्वाइंट के पास पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा कर्मी विवेक कुमार ओझा केबिन से बाहर निकला। वह कुछ समझ पाता अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में गार्ड के हाथ-पैर और पेट में गोली लगी। वहीं गोलीबारी के बाद अपराधी धमकी भरे पर्चा छोड़ भाग निकले। आनन-फानन में सुरक्षा कर्मी को अस्पताल ले जाया गया। 

घटना की सूचना पर उरीमारी रथु उरांव सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और अपराधियों की धरपकड़ का प्रयास शुरू किया गया। घटनास्थल से पुलिस ने सात खोखा और राहुल दुबे गिरोह के नाम से धमकी भरा पर्चा बरामद किया है। वहीं मामले की जानकारी पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित कुमार और इंस्पेक्टर मो. शाहिद रजा भी उरीमारी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मामला रंगदारी से संबंधित बताया जाता है। घायल सुरक्षा कर्मी विवेक कुमार ओझा हजारीबाग के लाटी गांव का रहनेवाला है। इधर, गोलीबारी के बाद से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।