हजारीबाग: केरेडारी प्रखंड अंतर्गत कराली पंचायत के पंचायत सेवक तालेश्वर दास को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 9 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार केरेडारी प्रखंड के केमो गांव निवासी 78 वर्षीय दिगंबर पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने एसीबी को बताया कि 15वें वित्त आयोग के तहत कालीकरण पीसीसी सड़क से देवी मंडप तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया था। इस योजना की स्वीकृत राशि 3 लाख 38 हजार रुपये थी। काम पूरा होने के बाद उन्हें करीब 2 लाख 84 हजार रुपये का भुगतान किया गया था। शेष राशि के भुगतान के लिए जब वे कराली पंचायत के पंचायत सेवक तालेश्वर दास से मिले, तो उनसे 9 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।

दिगंबर पांडेय ने इसकी शिकायत एसीबी हजारीबाग से की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करते हुए एसीबी थाने में मामला दर्ज किया गया। एसीबी की टीम ने बुधवार को प्लानिंग के तहत शिकायतकर्ता को घूस की रकम के साथ पंचायत सेवक के पास भेजा। जैसे ही पंचायत सेवक ने 9 हजार रुपये लिए एसीबी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।