मालिक ने दी 50 हजार की सुपारी, सफाईकर्मी ने टांगी से कर दी हत्या 

पिठोरिया (रांची): पिठोरिया पुलिस ने कृष्णा स्वीट्स के कर्मचारी राहुल गोराई की हत्या का खुलासा कर दिया है। मामले में कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार और सफाई कर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया गया है। सफाई कर्मी के पास से हत्या में प्रयुक्त टांगी सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार बीते 29 अक्टूबर की रात पिठौरिया थाना अंतर्गत कर्कट्टा मोड़ के निकट बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल (30 वर्ष) पिता मधुसूदन गोराई, ग्राम सिंदुरपुर, थाना मानबाजार, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) की हत्या कर दी गई थी। वह पिठौरिया के कृष्णा स्वीट्स का कर्मचारी था। हत्या के संबंध में पिठौरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। 

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगड़ू (29 वर्ष) और होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

पुलिस की पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया। कृष्णा कुमार ने पुलिस बताया कि उसकी पत्नी अक्सर होटल में पूजा करने आती थी। राहुल उसपर अभद्र टिप्पणी करता था। साथ ही अक्सर बिक्री के रुपये भी गबन कर लेता था, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा था। मृतक पश्चिम बंगाल से पिठौरिया क्षेत्र के होटलों के लिए स्टाफ/वेटर उपलब्ध कराने का काम करता था और कृष्णा स्वीट्स में काम करने वाले कर्मियों को भी लाया था। डांट-फटकार पर वह कुछ दिनों के लिए होटल छोड़कर चला जाता था और कर्मियों को भी साथ ले जाता था।

इसी से क्षुब्ध और क्रोधित होकर मालिक कृष्णा कुमार ने सफाईकर्मी अमित कुमार के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। हत्या में सहयोग के लिए 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी और अग्रिम के रूप में 7 हजार रुपये दिए गए थे। घटना की रात मृतक के ससुराल जाने के क्रम में पीछा कर कर्कट्टा मोड़ के पास टांगी से मारकर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच 01सीई 8795) अभियुक्त और मृतक के मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, घटना के दौरान पहने हुए कपड़े, डीवीआर, दो वाई-फाई राउटर, एक स्कूटी जब्त किया है।