फाइनल में सपुआर ब्रदर्स ने मारी बाजी
इचापीरी(रांची): पिठोरिया के इचापिड़ी पंचायत में बारह पड़हा सोहराय डायर जतरा फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत में बीबन सपुआर और दीपांशु ब्रदर्स की टीमें आमने-सामने हुईं। मुकाबले में सपुआर ब्रदर्स ने एक गोल के अंतर से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें पंचायत की मुखिया लाखो उरांव, उपमुखिया मो. गुफरान अंसारी और पंचायत समिति सदस्य ऐनुल हक अंसारी ने संयुक्त रूप से पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान विजेता टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता ने स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया। टूर्नामेंट के सफल समापन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह देखा गया।

समारोह में पूर्व मुखिया सोमरा उरांव, ग्राम प्रधान पेप्ला उरांव, वार्ड सदस्य पंचम उरांव, जमील अख्तर, सुधीर बैठा, दीपक दास, नमी उरांव, बीगल उरांव, पतरस उरांव, इम्तियाज अहमद और तौफीक अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

