रामगढ़: आगामी छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रही है। इस कड़ी में उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को जिला मत्स्य कार्यालय में जिला मत्स्य पदाधिकारी अरूप कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के मछुआरों, तैराकों और गोताखोरों के साथ बैठक की गई।

बैठक के दौरान जिला मत्स्य पदाधिकारी ने सभी उपस्थित मछुआरों, तैराकों एवं गोताखोरों को निर्देश दिया कि वे छठ महापर्व के दौरान अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पूरी तरह मुस्तैद एवं सतर्क रहें। साथ ही अपने क्षेत्र में प्रतिनियुक्त संबंधित दंडाधिकारियों एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क एवं समन्वय बनाए रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने सभी को किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सदैव तैयार रहने तथा संबंधित अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों का त्वरित अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने एवं किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल संबंधित पदाधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध नावों की स्थिति एवं संख्या की भी समीक्षा की गई। इस दौरान नावों की उपलब्धता, आवश्यकता के अनुरूप उनकी तैनाती तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उनके उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व के दौरान सभी छठ घाटों पर सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में छठ महापर्व मना सकें।

