रांची: उर्दू भाषा, साहित्य और पत्रकारिता की समृद्ध विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से मंगलवार, 10 नवंबर को रांची के हज हाउस में ‘जश्न-ए-उर्दू’ का आयोजन किया जाएगा। पत्रकार एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की ओर से आयोजित इस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा।

आयोजन को लेकर सोमवार को अंजुमन इस्लामिया हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें पत्रकार आसिफ नईम, गुलाम शाहिद, फिरोज जिलानी, एम.एम. राही, मोहम्मद सईद समेत अन्य आयोजकों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारी पिछले 15 से 20 दिनों से चल रही थी।
आयोजकों के मुताबिक, ‘जश्न-ए-उर्दू’ का मकसद केवल एक सांस्कृतिक समारोह आयोजित करना नहीं, बल्कि उर्दू की साहित्यिक परंपरा, तहजीब और पत्रकारिता में इसके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। इसके जरिए उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार और इसके संरक्षण से जुड़े मुद्दों को भी सामने लाया जाएगा।

समारोह में झारखंड के अलग-अलग जिलों से साहित्यकार, शायर, पत्रकार, शिक्षक, बुद्धिजीवी और उर्दू भाषा के प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने इन सभी के शामिल होने की उम्मीद जताई है।

इस अवसर पर उर्दू भाषा, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उर्दू के प्रचार-प्रसार में आ रही चुनौतियों, उर्दू पत्रकारिता की मौजूदा स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए आयोजन समिति के सदस्यों ने हज हाउस स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया गया। आयोजकों ने बताया कि समारोह से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

आयोजन समिति ने उर्दू के साहित्यकारों, पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और आम लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

