पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच-पड़ताल
पलामू/रांची: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ढूब गांव में सोमवार की रात घर में सो रहे गुणी भूइयां (50 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद से मृतक की पत्नी लापता बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 12 बजे के बाद परिजनों ने गुणी भुइयां की हत्या की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लिया और मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। घटना के दौरान मृतक के दोनों बेटे घर में थे। जबकि घटना के बाद से मृतक की पत्नी लापता है।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल मृतक की पत्नी के लापता होने को लेकर है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से देख रही है कि क्या पत्नी की वारदात में कोई भूमिका है या वह डर के कारण घर छोड़कर भागी है। इसके साथ ही ओझा-गुणी से जुड़े संदेह और अंधविश्वास के एंगल पर भी जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद सहित हत्या से जुड़े दूसरे संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

