रांची से रहा मौलाना आजाद का गहरा जुड़ाव, शिक्षा और एकता के थे प्रबल समर्थक : एस. अली

रांची: स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारिता के जरिए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देने वाले और आजाद भारत की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाले मौलाना अबुल कलाम आजाद का रांची से भी गहरा जुड़ाव रहा है। उनकी 138वीं जयंती और राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर बुधवार को जी.एम. मॉडर्न पब्लिक स्कूल, कांके में समारोह आयोजित कर उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में झारखंड छात्र संघ एवं आमया संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एस. अली ने कहा कि मौलाना आजाद ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का आधार माना था। उन्होंने अपने समाचार पत्रों अल-हिलाल और अल-बिलाग के माध्यम से ब्रिटिश शासन के खिलाफ जनजागरण किया। इसी कारण अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें निशाना बनाया और वर्ष 1916 में रांची में नजरबंद कर दिया।

एस. अली ने कहा कि नजरबंदी के दौरान भी मौलाना आजाद सामाजिक चेतना और आपसी सद्भाव का संदेश देते रहे। अपर बाजार की जामा मस्जिद में उनके विचार सुनने के लिए विभिन्न समुदायों के लोग पहुंचते थे। रांची में मदरसा इस्लामिया और अंजुमन इस्लामिया की स्थापना से जुड़े उनके प्रयास भी शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में मौलाना आजाद ने उच्च, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के विस्तार के साथ बालिका शिक्षा तथा 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा पर जोर दिया। शिक्षा के अलावा साहित्य, संगीत और कला के विकास के लिए भी उन्होंने महत्वपूर्ण संस्थागत पहल की। एस. अली के अनुसार, मौलाना आजाद का राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

समारोह में स्कूल निदेशक हसीब अहमद, जमील असगर, रघुराज शाहदेव, मौलाना मन्नान इस्लाही, वली उर रहमान, हानी हसन, मोहम्मद फुरकान, जियाउद्दीन अंसारी, मोहसिन हव्वारी और फलक नाज सहित अन्य लोगों ने विचार रखे। इस अवसर पर शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए स्कूल निदेशक हसीब अहमद ने एस. अली को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।