रामगढ़ साइबर अपराध थाना ने आयोजित की कार्यशाला 
साइबर अपराध से सुरक्षा हेतु दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां 

रामगढ़: पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर साइबर अपराध थाना की ओर से बुधवार को रामगढ़ कॉलेज के सभागार में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ आलोक रंजन, पुलिस उपाधीक्षक सह रामगढ़ साइबर थाना प्रभारी अकरम फैज, परिचारी प्रवर रामगढ़ सार्जेंट मेजर मंटू यादव, रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडेय, यातायात थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, पुलिस अवर निरीक्षक दिगंबर पांडेय, बिरबल हेंब्रम, रंजीत कुमार यादव, सन्नी कच्छप सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यशाला का संचालन शुभम कुमार ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, युवा और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। 

कार्यशाला की शुरुआत डीएसपी मुख्यालय सह साइबर थाना प्रभारी अकरम फैज के स्वागत संबोधन से हुई। इसके उपरांत एयरटेल बिहार-झारखंड सर्किल की अधिकारी प्रेरणा रंजन ने साइबर अपराध पर टेलिकॉम कंपनियों की सेवाओं, साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन और शिकायतों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। 

कार्यशाला के पहले सत्र में कंप्लेन रिड्रेसल की जानकारी देते हुए प्रेरणा रंजन ने डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकॉम की टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) की भूमिकाओं पर प्रकाश डाला। साइबर सुरक्षा के मद्देनजर टेलिकॉम सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों द्वारा कस्टमर्स को दी जा रही सेवाओं की भी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने भारत सरकार के ‘संचार साथी एप्प’ की उपयोगिता और फीचर्स के बारे में बताया। 

वहीं दूसरे सत्र में साइबर फ्रॉड को लेकर जागरूक किया गया और बचाव के उपाय बताए गए। प्रेरणा रंजन ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में हर दो-तीन मिनट में साइबर फ्रॉड की घटना होती है। इन पैसों का उपयोग भारत के ही नागरिकों के खिलाफ दुरुपयोग में होता है। ऐसे में जिम्मेदार नागरिक की तरह साइबर फ्रॉड की शिकायत जरूर दर्ज कराएं। साइबर फ्रॉड की शिकायत करना जरूरी है। आपकी गाढ़ी कमाई का उपयोग आपके ही खिलाफ न हो, इसके लिए जागरूकता जरूरी है। सबसे जरूरी बात लापरवाही से बचना है।

यूपीआई के लिए सेकेंड्री अकाउंट बेहतर विकल्प 

आगे कार्यशाला में उन्नत हैकिंग उपकरण और मालवेयर, ऑनलाइन बैंकिंग और ई-कॉमर्स में वृद्धि, इंटरनेट और मोबाइल डिवाइस तक आसान पहुंच, सोशल इंजीनियरिंग और संगठित साइबर अपराध की जानकारी दी गई। जिसमें बैंक अधिकारी बनकर ठगी, खतरनाक एपीके फाइल भेजकर ठग, टेलिकॉम कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट से सुरक्षा के उपाय बताएं और सजग रहने की अपील की गई। बताया गया कि मोबाइल में हमेशा ऑथेंटिक एप्प का ही उपयोग करें। ओपन वाई-फाई का उपयोग करने से बचें। अपने मोबाइल के हॉटस्पॉट में भी पासवर्ड जरूर लगाएं। थर्ड पार्टी एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचें। उन्होंने कहा कि शादी व्याह के फर्जी निमंत्रण वाले एपीके फाइल के लिंक खोलने का प्रयास न करें। वहीं सेविंग्स अकाउंट सीधे ऑनलाइन लेन-देन की बजाय यूपीआई ट्रांजेक्शन के लिए सेकेंड्री अकाउंट का उपयोग करने की सलाह दी गई। 

1930 पर करें साइबर फ्रॉड की शिकायत

वहीं डिजिटल अरेस्ट पर स्पष्ट किया गया कि असली पुलिस अधिकारी कभी भी वीडियो कॉल कर पूछताछ नहीं करते हैं और न ही वित्तीय जानकारी मांगते हैं। किसी भी अंजाने नंबर से वीडियो कॉल नहीं उठाने की अपील की गई। साथ ही साइबर फ्रॉड होने पर टोल फ्री नंबर 1930 पर रिपोर्ट करने और http://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की बात कही।

सजग रहकर सोशल मीडिया का उपयोग करने की अपील 

कार्यशाला के अंतिम सत्र में साइबर थाना रामगढ़ के पुलिस अवर निरीक्षक दिगंबर पांडेय ने व्हाइट्एप के सिक्योरिटी फीचर्स के बारे में बताया। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से Two factor authentication के उपयोग की जानकारी दी। वहीं उन्होंने सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी पूर्वक करने की अपील करते हुए कहा कि अपनी निजी तस्वीरें और दस्तावेज किसी भी अंजान व्यक्ति से साझा नहीं करें। अपने पासवर्ड और ओटीपी किसी से भी साझा नहीं करें। मोबाइल अथवा कंप्यूटर में वेरिफाइड एप्लिकेशंस का ही उपयोग करें। 

कार्यशाला का समापन पुलिस उपाधीक्षक अकरम फ़ैज़ ने धन्यवाद ज्ञापन कर किया। उन्होंने कहा साइबर सुरक्षा को लेकर आगे भी जगह-जगह कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। वहीं कार्यशाला कें समापन पर भाग लेनेवाले स्कूली बच्चों सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।