रांची: राजधानी में काली पूजा के बाद बुधवार को विभिन्न इलाकों में प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और मां काली के जयघोष के बीच निकली शोभायात्राओं में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूजा पंडालों से विदाई के दौरान भक्तों की आंखें नम रहीं। शहर के अधिकांश प्रमुख पूजा स्थलों पर विसर्जन संपन्न होने के बाद अब डोरंडा की शोभायात्रा पर सबकी निगाहें टिकी हैं। यहां 13 नवंबर को मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

रांची महानगर काली पूजा समिति ने शांतिपूर्ण आयोजन और विसर्जन के लिए जिला प्रशासन तथा नगर निगम के प्रति आभार जताया है। समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजधानी में धार्मिक आयोजनों का व्यवस्थित ढंग से संपन्न होना सामूहिक सहयोग और बेहतर प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है। उन्होंने नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के सहयोग की सराहना की।

दूबे ने कहा कि मां काली केवल शक्ति की आराध्य देवी नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और बुराई के विनाश का प्रतीक भी हैं। विसर्जन के अवसर पर उन्होंने झारखंड में शांति, सामाजिक एकता, प्रेम और सद्भाव कायम रहने की कामना की। उनके मुताबिक, मां की विदाई के साथ श्रद्धालुओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लेना चाहिए।

मेन रोड, जयपाल सिंह स्टेडियम, रातू रोड, हरमू, करमटोली, लालपुर, थड़पखना, पंडरा, चुटिया और बरियातू समेत राजधानी के विभिन्न इलाकों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से मां को विदाई देकर अगले वर्ष फिर आगमन की प्रार्थना की।
रांची महानगर काली पूजा समिति के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने कहा कि विसर्जन को केवल धार्मिक अनुष्ठान के समापन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का अवसर भी है। काली पूजा समाज को बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का संदेश देती है।

समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, संरक्षक डॉ. राजेश गुप्ता, शंकर दुबे, बबलू वर्मा, मेहुल दुबे, विशाल सिंह, अर्चना मिर्धा, अंजू तिर्की, रंजीता पाण्डेय, प्रियांशु मिश्रा और अजीत कुमार टींकू समेत अन्य सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
डोरंडा में 13 नवंबर को प्रस्तावित विसर्जन शोभायात्रा के साथ राजधानी में काली पूजा महोत्सव का अंतिम चरण पूरा होगा।

