रांची: आगामी छठ महापर्व और अन्य आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। भीड़ में आपराधिक घटनाओं और विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए आदतन अपराधियों की निगरानी, संदिग्धों का सत्यापन और शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है।
बुधवार को सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और ट्रैफिक एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में डीएसपी और थाना प्रभारी भी शामिल रहे।
अधिकारियों ने कहा कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय संभावित खतरे को पहले ही रोकना प्राथमिकता होगी। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा गतिविधियों के आधार पर सक्रिय अपराधियों की निगरानी और शांति व्यवस्था के लिए खतरा बन सकने वाले तत्वों को कानूनी प्रक्रिया के तहत पाबंद कराने में तेजी लाने को कहा गया।
छठ के दौरान प्रमुख तालाबों, डैम और नदी घाटों पर सुरक्षा बलों के साथ गोताखोरों की तैनाती होगी। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग और सीसीटीवी से निगरानी होगी। महिलाओं की सुरक्षा, छिनतई और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जतरा स्थलों और काली प्रतिमा विसर्जन के रास्तों पर ड्रोन तथा वीडियोग्राफी से निगरानी रखी जाएगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना बनाई गई है। भीड़ के अनुसार रूट डायवर्जन, भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण और घाटों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक जवान तैनात रहेंगे, ताकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं का रास्ता बाधित न हो।


