रामगढ़: पतरातू थाना अंतर्गत रांची-पतरातू मुख्य मार्ग पर तालाटांड़ में शनिवार सड़क किनारे खड़े हाइवा से बाइक की टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। एक युवक की स्थिति गंभीर बताई जाती है। घटना दोपहर तकरीबन 03:00 बजे की बताई जाती है। 

मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार तीनों युवक रांची से पतरातू की ओर आ रहे थे। इस दौरान तालाटांड़ में पेट्रोल पंप के निकट सड़क किनारे खड़े हाइवा (JH 02 AB 3258) से बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीनों युवकों को काफी चोटें लगी। तीनों युवक गिद्दी थाना क्षेत्र के रहनेवाले बताए जाते हैं। 

मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें स्थानीय निजी क्लीनिक पहुंचाया। जहां एक युवक अभय महली के मौत की पुष्टि कर दी गई। जबकि गंभीर रूप से घायल विनित कुमार की नाज़ुक स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया। वहीं एक अन्य युवक सूरज गुप्ता का इलाज किया जा रहा है। हादसे की जानकारी पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। 

इधर, दुर्घटना से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बड़े वाहन अवैध रूप से पार्क किए जाते हैं। जिला प्रशासन की मनाही के बावजूद वाहन चालक मनमानी कर सड़क पर जहां-तहां वाहन खड़ा कर देते हैं। दिशा-निर्देशों का अनुपालन नहीं होता और इसकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं है।