चतरा: छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर चतरा पुलिस पूरी से सजग और सतर्क दिख रही है। इस क्रम में शनिवार को सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का दौरा कर व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी ने प्रसिद्ध छठ तालाब, पुरैनिया तालाब, हरलाल तालाब, कठौतिया तालाब और हेरु नदी सहित अन्य घाटों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों पर साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।

थाना प्रभारी ने पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश देते हुए पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा संबंधी तैयारियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारी और जवान भी मौजूद थे।