बुढ़मू (रांची): प्रखंड का बरौदी गांव शनिवार को पारंपरिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र बनेगा। देवठान के अवसर पर यहां लगने वाले ऐतिहासिक मेले में रांची समेत आसपास के जिलों से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल से लेकर यातायात व्यवस्था तक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस आयोजन की शुरुआत शुक्रवार को 12 पड़हा समिति की पारंपरिक पूजा के साथ हुई। मकुंद पाहन ने जतरा खूंटा पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान बुढ़मू प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, पूर्व जिला परिषद सदस्य पार्वती देवी और मुखिया दशरथ उरांव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बरौदी का देवठान मेला क्षेत्र की पुरानी परंपराओं और सामुदायिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। यहां धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक मेल-मिलाप की भी परंपरा रही है। यही वजह है कि हर साल आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग इसमें शामिल होने पहुंचते हैं।

बढ़ती भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की है। शनिवार को ठाकुरगांव-पिठोरिया मुख्य मार्ग पर बड़े वाहनों और चारपहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, ताकि आवागमन में परेशानी न हो।

ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार ने कहा कि मेले में शांति भंग करने या उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ आयोजन में शामिल होने की अपील की है। मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस, आयोजन समिति और ग्रामीण समन्वय के साथ जुटे हैं।