राजस्व अभिलेखों के आधार पर हो निष्पक्ष जांच : संजय पाहन
रांची: मुड़मा जतरा स्थल की जमीन को लेकर मंगलवार को ऐतिहासिक राजकीय राजी पड़हा जतरा आयोजन समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। समिति के केंद्रीय प्रवक्ता संजय पाहन ने कहा कि मांदरशाला और शक्ति खूंटा से जुड़ी भूमि की स्थिति स्पष्ट किए बिना वहां कोई स्थायी निर्माण नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जतरा स्थल की जमीन को महज 500 रुपये की कथित जरपेशगी पर सीमित अवधि के लिए कृषि उपयोग में देने की जानकारी सामने आई है। इस पर उन्होंने राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस दौरान संजय पाहन ने बताया कि मेसाल, मुड़मा, सुरसा और करकरा ग्रामसभाओं ने इस मामले पर आपत्ति दर्ज कराई है। मेसाल ग्रामसभा ने 20 सितंबर 2026 को प्रस्ताव पारित कर जांच पूरी होने तक स्थायी निर्माण नहीं कराने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि इस विवाद को लेकर एसडीओ न्यायालय में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। समिति ने इस मामले को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग तक भी पहुंचाया है।
मामले में संजय पाहन ने प्रशासन से तत्काल बैठक बुलाने, संबंधित भूमि का संयुक्त सीमांकन कराने और पूरी प्रक्रिया में ग्रामसभाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी मांग की।

