रांची: गुमला जिले के घाघरा में सोमवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग भारत सरकार द्वारा जनजातीय गौरव दिवस पर जनसभा का आयोजन किया गया। घाघरा प्रखंड स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग पहुंचे। समारोह स्थल पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली।
अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य, आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। समारोह में जनजातीय समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले अगुवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन काम करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान, संस्कृति, परंपराओं, संवैधानिक संरक्षण एवं सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का महत्वपूर्ण आधार है। जनजातीय समाज की जल, जंगल, जमीन से जुड़ी परंपराओं और विरासत को सहेजते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
वहीं समारोह स्थल पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के विशेष शिकायत केंद्र पर आम लोगों अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। जिसके निष्पादन का भरोसा दिलाया गया। मौके पर आयोग के वरीय अधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

