कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को किया ब्रीफ
रामगढ़: शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस पर कल 27 नवंबर को गोला प्रखंड के लुकैयाटांड़ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

इस क्रम में गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को कार्यक्रम स्थल पर संयुक्त रूप से ब्रीफ किया। इस दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, आमजनों एवं अतिथियों की सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी और कर्मी अपने-अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय उपस्थित रहकर पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही किसी भी परिस्थिति में आपसी समन्वय एवं तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

