रांची: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) युवा संगठन ने आगामी स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को रांची के हरमू स्थित गंगा नगर रोड नंबर-7 के स्वास्तिक मैरेज हॉल में युवा मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। समारोह में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रदेश युवा अध्यक्ष शैलेन्द्र द्विवेदी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं से संगठन के प्रति सक्रियता बढ़ाने और आपसी तालमेल के साथ काम करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की एकजुटता किसी भी राजनीतिक संगठन को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाती है। पार्टी की नीतियों और विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत है।
बैठक में स्थापना दिवस समारोह को बेहतर और यादगार बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया। रांची महानगर युवा अध्यक्ष विष्णु कुमार ने संगठन की गतिविधियों को नई गति देने की बात कही। उन्होंने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि महानगर क्षेत्र में युवाओं को जोड़कर संगठन का विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में रांची जिला युवा अध्यक्ष राजकिशोर रवि ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
