रांची: पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बजरा में रविवार की सुबह एक डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। जिससे कटहल मोड़ से पिस्का मोड़ सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। 

मिली जानकारी के अनुसार बनहौरा निवासी आशीष तिर्की और अमन बारला चर्च जाने के लिए बाइक पर निकले थे। इटकी रोड के बजरा इलाके में देवकमल हॉस्पिटल के समीप एक डंपर ने बाइक को चपेट में ले लिया। दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जिससे कई वाहन जाम में फंस गए। 

हादसे की सूचना पर पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। खबर लिखे जाने तक शव का उठाव नहीं हो सका और सड़क जाम की स्थिति बनी रही।