हजारीबाग: पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से हथियार और गोली बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गिरिडीह पुलिस से सूचना मिली थी कि गिरिडीह और बोकारो की ज्वेलरी दुकान में लूट और डकैती करने की मंशा से आए अपराधकर्मी हथियार और गोली के साथ सफेद कार से चौपारण होते हुए बिहार की ओर भाग रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही के नेतृत्व में थाना प्रभारी चौपारण थाना और पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल सहित छापामारी टीम और एंटी क्राइम चेकिंग टीम का गठन किया गया।
टीम ने संभावित स्थान पर चेकिंग लगाई। कई सफेद कारों की गहनता से चेकिंग की गई। इसी दौरान सिंघरावा ओवरब्रिज के पास एक सफेद अर्टिगा कार की पहचान कर घेराबंदी की गई। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी तेजी से भगाने लगा। पीछा कर वाहन को रोका गया और उसमें बैठे चार लोगों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपना नाम अभिनव राज, मनीष कुमार, राहुल कुमार और महफूज बताया। तलाशी में इनके पास से हथियार, गोली, चाकू और पेचकस बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे अपने अन्य सहयोगियों के साथ ज्वेलरी दुकान में घटना करने के लिए गिरिडीह बोकारो की तरफ गए थे और पकड़ाने के डर से वापस अपने घर की ओर भाग रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में वैशाली (बिहार) निवासी अभिनव राज, मनीष कुमार, राहुल कुमार और सुल्तानपुर (यूपी) निवासी महफूज अहमद शामिल है। इनके पास से पुलिस ने दो देशी पिस्टल दो, एक देशी कट्टा, नौ जिंदा गोली, चाकू और पेचकस, तीन मोबाइल तीन और अर्टिगा कार जब्त किया है।
छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर, थाना प्रभारी चौपारण पंकज कुमार, कृष्ण कुमार गुप्ता, हेमराज कुमार, सुरेन्द्र कुमार और चौपारण थाना सशस्त्र बल शामिल थे।

