ग्रामीणों ने नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर बड़़कागांव-हजारीबाग सड़क किया जाम
बड़़कागांव: हजारीबाग-बड़़कागांव मार्ग पर लिखलाही घाटी में बुधवार सुबह तकरीबन सात बजे हाइवा ने बाइक सवार दंपती को चपेट में ले लिया। घटना में हाइवा ने बाइक सवार व्यक्ति को रौंद दिया। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि बाइक सवार महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार बड़़कागांव के नटराजन नगर निवासी केदार राम अपनी पत्नी मौसमी देवी के साथ अपने ससुराल कोठार (रामगढ़) से बाइक पर अपने घर आ रहे थे। इस क्रम में लिखलाही घाटी में एक तेज रफ्तार हाइवा (JH 02 AD 9987) ने बाइक को चपेट में ले लिया। दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर गये। इस दौरान हाइवा ने केदार राम को बुरी तरह से रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं मौसमी देवी सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद हाइवा चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा करके 13 माईल के पास वाहन को पकड़ लिया। हालांकि चालक हाइवा छोड़ भाग निकलने में सफल रहा।
मामले की सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचकर शव के साथ सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना पर अंचल निरीक्षक अनोज कुमार और बड़कागांव थाना प्रभारी विनोद तिर्की घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग नौकरी और मुआवजे की मांग करने लगे।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने कहा कि हाइवा एनटीपीसी और त्रिवेणी कंपनी के अधीन चलता है। जबकि अधिकारियों के पूछने पर कंपनी के अधिकारियों ने इससे इंकार कर दिया । लोग कंपनी द्वारा नौकरी और मुआवजा देने की मांग को लेकर अड़ गये। वहीं सड़क जाम होने के कारण एनटीपीसी त्रिवेणी कंपनी का कोयला ढुलाई प्रभावित रहा।
मामले की जानकारी पर पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, आजसू नेता रोशनलाल चौधरी, बड़़कागांव सीओ अमित किस्कू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे। लोगों को समझाने बुझाने की सारी कोशिश नाकाम रही। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही। मृतक केदार राम राज मिस्त्री का काम करते थे। पत्नी मौसमी देवी बड़़कागांव आदर्श मध्य विद्यालय में रसोईया है। मृतक अपने पीछे दो बालिग पुत्र छोड़ गया है।