स्थानीय लोगों के साथ की परिचय बैठक, हुआ स्वागत
भुरकुंडा (रामगढ़): बासल थाना में मंगलवार को नये प्रभारी अनंत कुमार सिंह ने योगदान दिया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने थाना परिसर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के साथ परिचय बैठक की। अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने अंग वस्त्र और बुके देकर स्वागत किया। बैठक में थाना प्रभारी ने क्षेत्र की स्थिति और लोगों की समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की परेशानी या समस्या होने पर सीधे पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेगी।
उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। कहा कि आपसी सहयोग और समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने सभी को करम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की।
बताते चलें कि थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह वर्तमान समय में पुलिस एसोसिएशन रामगढ़ के सचिव भी है। बासल थाना से पूर्व रामगढ़, मांडू और बरलंगा थाना में भी योगदान दे चुके हैं।
बैठक में एसआई विपिन बिहारी महतो, मुखिया विजय मुंडा, राजू मुंडा, अमर यादव, देवेंद्र सिंह, राजेंद्र मुंडा, बृजकिशोर प्रसाद, बासुदेव महतो, सी डी सिंह कृतिलता, राम प्रसाद, नंद किशोर मुंडा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
