रामगढ़: गोला थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के क्रम में शराब बनाने की सामग्री, मशीन सहित भारी मात्रा में सामान बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना कांड संख्या 51/26 के वांछित आरोपी बाजुन मांझी उर्फ बाजुन हेंसा और जीवन मांझी अपने गांव लौट आए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने ऊपर खखरा टोला पतलनगा में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, खाली शराब की बोतलें, ढक्कन, सील करने की मशीन और शराब बनाने की सामग्री बरामद किया है। बताया जाता है कि बीते 10 मई को दर्ज मामले में दोनों के घर से पहले भी अवैध शराब निर्माण से जुड़ी सामग्री बरामद हुई थी।
छापेमारी दल में एसडीपीओ आलोक रंजन के साथ पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
