भुरकुंडा (रामगढ़): राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भदानीनगर ओपी क्षेत्र में सोमवार को छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान मतकमा चौक से चैनगड्डा तक दुकानों में तंबाकू उत्पादों के संदर्भ में छापेमारी की गई। अभियान में ओपी प्रभारी अख्तर अली, जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग से विनय शर्मा और एसआई फ्रांसिस सोय शामिल रहे। टीम ने मुख्य सड़क किनारे स्थित दुकानों और तंबाकू उत्पाद बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की।

जांच के क्रम में COTPA, Act 2003 का उल्लंघन करते पाए जाने पर कई दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने और प्रतिबंधित स्थानों पर बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। साथ ही कानून के प्रावधानों की जानकारी देकर तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।

इस मौके पर विनय शर्मा ने बताया कि जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।