गिरीडीह के पीरटांड़ में युवा संवाद 11 अक्टूबर को

रांची: आजसू पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के बुकरू स्थित आवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता सुदेश महतो ने की। बैठक में संगठन को सशक्त करने की रणनीति, 11 अक्टूबर को गिरिडीह विधानसभा के पीरटांड़ में प्रस्तावित युवा संवाद कार्यक्रम समेत कई सांगठनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं हसन अंसारी तथा मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति का केंद्र झारखंडी जनता के सवाल होने चाहिए। संगठन का दायित्व है कि वह जनता की आवाज बने और उनके अधिकार, सम्मान तथा विकास से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाए। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है और जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखना है। राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर संगठन को और मुखर होना होगा।

वहीं आगामी युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। तय हुआ कि 11 अक्टूबर को पीरटांड़ में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद अन्य विधानसभाओं में भी यह कार्यक्रम होगा। युवा संवाद के माध्यम से रोजगार, शिक्षा, अवसर, नेतृत्व और झारखंड के भविष्य से जुड़े सवालों पर युवाओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा।

इसके अलावा जिला समितियों के क्रियाकलापों की समीक्षा की गई तथा जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन के पुनर्गठन पर चर्चा हुई। पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को और सक्रिय व मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में कहा गया कि झारखंड आंदोलन की विचारधारा, जनसरोकार और जमीनी संघर्ष से आजसू की राजनीतिक पहचान बनी है। इसलिए संगठन को जनमुद्दों पर और ज्यादा मुखर होकर सड़क पर उतरने की जरूरत है।