भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा पुलिस ने विगत दिनों हुए चोरी के मामलों का उद्भेदन करते हुए रविवार को तीन अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सेंट्रल सौंदा स्थित मां छिन्नमस्तिका किराना दुकान में बीते 9 जुलाई की रात चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। कांड के अनुसंधान के क्रम में सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त देवा कुमार (23 वर्ष) पिता दुलेंद्र राम निवासी टिपला साइडिंग को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से पुलिस ने दुकान से चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया है।
दूसरे मामले में भुरकुंडा बाजार स्थित सूरज मोबाइल एजेंसी में कल 11 जुलाई ग्राहक बनकर आया एक युवक आईफोन 14 प्रो. चुराकर भाग गया। इस संबंध में संचालक द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए अभियुक्त विनय कुमार (23 वर्ष) पिता विनोद रजक निवासी सिरका एमपीआई, थाना रामगढ़ को उक्त मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
वहीं एक अन्य मामले में बीते 6 जुलाई को सयाल में आरए माइनिंग कंपनी के 10 नंबर माइंस की साइट से हीरो होंडा स्पलेंडर (JH 01 AV 9452) चोरी कर ली गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर भुरकुंडा पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त राहुल कुमार करमाली (24 वर्ष) पिता तुलसी करमाली निकल रेलवे साइडिंग टिपला को गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर चोरी गई बाइक बरामद कर ली गई है।
