रांची: बरहेट में झारखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक में बीडीओ सह अंचलाधिकारी अंशु कुमार पांडेय की मौजूदगी को लेकर भाजपा ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। प्रदेश उपाध्यक्ष सह एसआईआर संयोजक राकेश प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।
भाजपा के अनुसार, तीन सितंबर को बरहेट प्रखंड में आयोजित झामुमो की बैठक में अंशु कुमार पांडेय मौजूद थे। पार्टी ने बैठक की तस्वीरें भी निर्वाचन विभाग को सौंपी हैं। भाजपा ने कहा कि एसआईआर के दौरान किसी राजनीतिक कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी की जांच जरूरी है। ज्ञापन में उधवा प्रखंड में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका को लेकर पहले मिली शिकायत का भी उल्लेख किया गया।
रांची में फॉर्म-7 को लेकर आपत्ति
प्रतिनिधिमंडल ने रांची विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 स्वीकार नहीं किए जाने की शिकायत रखी। भाजपा ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार नागरिकों को है। पार्टी ने बीएलए-2 और आम लोगों से फॉर्म-7 लेने तथा पहले लौटाए गए आवेदनों को भी स्वीकार करने के लिए बीएलओ को निर्देश देने की मांग की।
प्रमाण-पत्र और मतदाता सूची के सत्यापन पर जोर
एसआईआर के दौरान ऑफलाइन जारी जाति, आय, स्थानीय निवासी और ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्रों के आधार पर किए गए दावों का नियमानुसार सत्यापन कराने की मांग भी की गई। इसके अलावा संवेदनशील बूथों पर मतदाताओं की संख्या में असामान्य बढ़ोतरी की जांच तथा मृत, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का सत्यापन कराने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश मंत्री मनीर उरांव, प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय शर्मा और अनिल सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
