रांची: कांके प्रखंड के बोड़ेया स्थित ऐतिहासिक श्री मदन मोहन मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और भगवान मदन मोहन के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की।मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। वहीं राज्यपाल के आगमन पर मंदिर समिति द्वारा उनका पारंपरिक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि 1665 में बना ये मंदिर सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि झारखंड की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। यहां मौजूद शिलालेख हमारी संस्कृति से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें निष्काम कर्म और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है, जो आज के युवाओं के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। इस दौरान राज्यपाल ने मंदिर समिति द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘श्री मदन मोहन स्वामी स्तुति’ का लोकार्पण भी किया। 

महोत्सव में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा सहित  कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

By Admin