अनुकंपा पर नौकरी और प्रोविडेंट फंड के एवज में रिश्वत की मांग 

• भुरकुंडा रेस्ट हाउस में घंटों पूछताछ, खंगाले गए कई कागजात 

• परियोजना कार्यालय के अधिकारी और स्टाफ रहे हलकान 

भुरकुंडा (रामगढ़): सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र अंतर्गत सौंदा ‘डी’ परियोजना में घूसखोरी का मामला प्रकाश में आया है। सीबीआई की टीम ने बुधवार को परियोजना कार्यालय में कार्यरत पर्सनल विभाग के ऑफिस सुप्रिटेंडेंट (क्लर्क) अभय कुमार बक्शी को 20 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा है। 

मिली जानकारी के अनुसार सीसीएल कर्मी रीना देवी के मरणोपरांत अनुकंपा पर नियुक्ति और सीएमपीएफ के रुपये दिलाने के एवज में घूस की मांग की जा रही थी। जिसकी शिकायत मिलने पर सीबीआई ने मामले का सत्यापन करते हुए अभियान चलाया। प्लानिंग के अनुसार शिकायतकर्ता पति गंगाधर प्रधान बुधवार को सौंदा डी परियोजना कार्यालय पहुंचा। जहां उसने अभय कुमार बक्शी को बतौर रिश्वत 20 हजार रुपये दिए। अभय कुमार बक्शी रूपये बाइक की डिक्की में डाल जैसे ही अपने घर सेंट्रल सौंदा जाने के लिए निकले, सीबीआई की टीम ने उन्हें दबोच लिया। डिक्की से रूपये बरामद करते हुए टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। 

सीबीआई की टीम उन्हें परियोजना कार्यालय ले आई और छानबीन शुरू की गई। इस दौरान कार्यालय में की दस्तावेज भी जब्त किए गए। यहां से टीम क्लर्क को पूछताछ के लिए रिवर साइड स्थित रेस्ट हाउस ले गई। जहां रात में पूछताछ करते हुए कागजातों को खंगाला गया। इस दौरान परियोजना के अधिकारी और अन्य स्टाफ को बुलाकर उनसे भी पूछताछ की गई। पूरे प्रकरण में अन्य लोगों के भूमिका की भी जांच चल रही है। खबर लिखे जाने तक सीबीआई की पूछताछ जारी रही। 

चर्चा है कि मूल रूप से ओडिशा निवासी स्व. रीना देवी के पति उरीमारी में ड्यूटी करते थे। जिनके मरणोपरांत रीना देवी को सीसीएल में नौकरी मिली और वे बाल-बच्चों समेत सेंट्रल सौदा साइडिंग माइनस क्वार्टर में रहने लगी। संभवतः उन्होंने अपने देवर गंगाधर प्रधान से विवाह कर लिया। इधर, लगभग छह वर्ष पूर्व रीना देवी का निधन हो गया। जिसके बाद से नौकरी, सीएमपीएफ और अन्य लाभ का मामला लंबित पड़ा हुआ है। 

पांच महीने में घूसखोरी की दूसरी घटना 

सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र में बीते पांच महीने के अंदर घूसखोरी का यह यह दूसरा मामला है। सीबीआई ने इससे पूर्व 23 जून को सीसीएल के चीफ स्टोर कीपर को एक अन्य कर्मी से घूस लेते पकड़ा था। जिसके बाद रिवर साइड स्थित रेस्ट हाउस में घंटों पूछताछ और छानबीन के बाद चीफ स्टोर कीपर को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया था। इधर, ताजातरीन मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।