रांची: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता स्व. दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अवसर पर लोवाडीह, नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई और वंचितों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन जैसे मार्गदर्शक और संघर्षशील लोगों की शहादत और संघर्ष के बदौलत हमें अलग राज्य मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े भाई स्व. दुर्गा सोरेन के विचार और आदर्श हमेशा हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे। 

इस दौरान दुर्गा सोरेन स्मारक स्थित उनकी प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।