उरीमारी ने अंडर-14 और बूंडू ने अंडर-17 कबड्डी का फाइनल जीता
उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में सोमवार को डीएवी क्लस्टर लेवल स्पोर्ट्स 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र के महाप्रबंधक सह स्कूल के अध्यक्ष रंजय कुमार सिन्हा और विभिन्न डीएवी स्कूलों के प्राचार्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान, देशभक्ति गीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, मोमेंटो और शॉल देकर किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा, “खेल से बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित होती है। डी.ए.वी का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी कुशलता प्रदान करना है।
वहीं मुख्य अतिथि रंजय कुमार सिन्हा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा, “खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं है, यह जीवन जीने की कला सिखाता है। अनुशासन, टीम वर्क और हार-जीत को स्वीकार करने की क्षमता खेल से ही आती है। आज के खिलाड़ी ही कल देश का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता में कबड्डी अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में डी.ए.वी उरीमारी, डी.ए.वी बुंडू और डी.ए.वी कडरू के लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अंडर-14 फाइनल में डी.ए.वी पब्लिक स्कूल उरीमारी ने डी.ए.वी पब्लिक स्कूल बुंडू को 10 अंकों से हराया। वहीं अंडर-17 वर्ग का खिताब डी.ए.वी पब्लिक स्कूल बुंडू ने जीता।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन शिक्षक विष्णुचरण बेहेरा और शिक्षिका पिंकी कुमारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक डी.के मंडल ने किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।
