भुरकुंडा (रामगढ़): सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र अंतर्गत सौंदा ‘डी’ परियोजना कार्यालय के समक्ष मंगलवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत धरना-प्रदर्शन किया गया। जिसमें संयुक्त श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय महिला-पुरूष शामिल रहे। सौंदा ‘डी’ पंचायत बचाओ समिति के बैनर तले हुए एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सह मुखिया उपेंद्र शर्मा और संचालन सचिव संजय यादव ने किया। धरना-प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान “सीसीएल की मनमानी नहीं चलेगी”, “कंपनी के दलालों होश में आओ” और “उजाड़ने से पहले बसाना होगा” के नारे जमकर लगे।

सौंदा ‘डी’ को उजाड़ने पर होगा बड़ा संघर्ष : विंध्याचल बेदिया
आम सभा में मुख्य रूप से संयुक्त मोर्चा के कन्वेनर विंध्याचल बेदिया ने कहा कि इस जगह पर लोग कैसे बसे यह जानकारी सीसीएल के अधिकारी पहले जान लें। गोरखपुर में कैंप लगाकर खनन कार्य के लिए आदमी को यहां लाया गया। अन्य जगहों से भी मजदूर लाए गए। जब मजदूर यहां आ गए तो यहां सुविधाओं और अन्य कामों के लिए और भी लोगों को धीरे-धीरे बसाया गया। यहां बसे हुए लोग अवैध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम खदान चलाने का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन लोगों को उजाड़ने का विरोध कर रहे हैं। भुरकुंडा का नीचे धौड़ा इसका बड़ा उदाहरण है। जब नीचे धौड़ा के लोगों को अलग से जगह देकर बसाया गया तो फिर सौंदा ‘डी’ पंचायत को क्यों नहीं बसाया जाएगा। सीसीएल के अधिकारी नोटिस बांटना बंद करे, नहीं तो अमेरिका-इरान की तरह यहां भी लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय लोग कंपनी की दलाली करने में लग गए हैं, ऐसे लोगों से घबराने की जरूरत नहीं है। हमारे नेता रमेंद्र कुमार और संयुक्त मोर्चा इस लड़ाई में सौंदा ‘डी’ के लोगों के साथ हैं।
एकजुट होकर करेंगे संघर्ष, हारेगा धनबल : वासुदेव साव
वहीं श्रमिक नेता वासुदेव साव ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपने आप को यहां का मालिक न समझे, सौंदा बस्ती के लोगों ने यहां अपनी जमीनें दी है तब यहां कोयला खनन शुरू हुआ है। यहां वर्षों से रहे लोगों को सीसीएल उजाड़ने का प्रयास करेगी तो हमलोग चुप नहीं बैठेंगे। सीसीएल यदि सोच रही है कि दलालों के साथ मिलकर यहां के लोगों हटा देगी तो यह सीसीएल की बड़ी भूल होगी। उन्होंने स्थानीय लोगों को एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील करते हुए कहा कि धनबल और जनबल की इस लड़ाई में जनता की ही जीत होगी।
अन्य वक्ताओं ने भी किया संबोधित
सभा को संयुक्त श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि रामनरेश सिंह, संजय मिश्रा, संजय वर्मा, अर्जुन सिंह, संजय शर्मा, देवेंद्र सिंह, जेपीएन सिन्हा, सुभाष यादव, अशोक शर्मा, जगरनाथ पासवान, आजाद भुईयां, अशोक गुप्ता सहित अन्य ने संबोधित किया। धरना-प्रदर्शन के उपरांत परियोजना प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। धन्यवाद ज्ञापन कर उप मुखिया संजय भारती ने धरना-प्रदर्शन का समापन किया।

धरना-प्रदर्शन प्रदर्शन में ये रहे शामिल
धरना-प्रदर्शन में पंचायत समिति सदस्य कुमकुम देवी, पंसस प्रतिनिधि डब्लू पांडेय, उप मुखिया संजय भारती, सुशील सिंह, राजगिरी चौधरी, संजय सिंह, संतोष शर्मा, राकेश सिन्हा, गुरूदयाल ठाकुर, प्रवीर चटर्जी, प्रवीण नायक, संजय कुमार, उमेश साव, डॉ. वंशीधर प्रसाद, विनोद सागर, संतोष रजक, रामपुकार ठाकुर, सुबोध रजक, एंजेलीना एक्का, पुष्पा बारला, आरआर गुप्ता, सुनील झा, कमलेश गुप्ता, राजू करमाली, योगेंद्र मांझी, रूदल राम सहित सैंकड़ों महिला-पुरूष मौजूद रहे।
