मृतक अमित बक्शी का आपराधिक गिरोह से था संबंध

> रामगढ़ जिला के सेंट्रल सौंदा की घटना

रामगढ़ : भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सेंट्रल सौंदा में बीती रात तकरीबन एक बजे अपराधियों ने स्थानीय अमित बक्शी की गोली मारकर हत्या कर दी।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार से अमित बक्शी जागरण कार्यक्रम से वापस अपनी बुलेट पर सेंट्रल सौंदा मैदान के निकट अपने आवास की ओर लौट रहे थे। इस दौरान खटाल के समीप एक अपाची बाइक पर तीन अपराधियों ने पहले बुलेट पर लात मारा। बुलेट के साथ अमित बक्शी गिर गये। बाइक से दो अपराधी उतरे और ताबडतोड़ पांच गोली मारकर मार कर भाग निकले। घायल अमित बक्शी को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। घटना की जानकारी पर पतरातू एसडीपीओ बिरेंद्र चौधरी सदलबल पहुंचे। मामले की छानबीन की जा रही है। हत्या की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

इधर, पोस्टमार्टम के बाद शव सेंट्रल सौंदा पहुंचने के बाद मातम पसर गया। बड़ी संख्या में लोग आवास पर जुटे दिखे। अमित बक्शी सीएमपीडीआई, रांची में काम करते थे।

मामले में जानकारी मिल रही कि अमित बक्शी का स्थानीय पांडेय गिरोह से गहरा संबंध था। हत्या को लेकर कई तरह के कयास लग रहे हैंं। मामला गैंगवार या गिरोह के भीतर गुटबाजी और आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल करने की बात कह रही है।

By Admin

error: Content is protected !!